Perfil de PROMADHYAPRADESH KI AWAZ म...FotosBlogListasMás Herramientas Ayuda

Blog


31 mayo

35 घण्‍टे के दरम्‍यां 73 बार कटी बिजली, कटौती का एक नया स्‍टाइल

35 घण्‍टे के दरम्‍यां 73 बार कटी बिजली, कटौती का एक नया स्‍टाइल

टीप इस समाचार के प्रकाशन होते होते के बीच में तीन बार गुल हुयी बिजली (यह वक्‍त इस समाचार में शामिल नहीं किया गया है, आगामी समाचार में अंकित किया जायेगा)  

मुरैना 31 मई 2008, समाचार लिखे जाने के वक्‍त से 35 घण्‍टे पहले से बिजली कटौती की एक नयी शैली अजीबोगरीब अंदाज में बिजली कम्‍पनी ने लागू की है जिसमें एक बार में केवल 10 मिनिट के लिये बिजली काटी जाती है मगर एक घण्‍टे के दरम्‍यां कितनी बार बिजली कटती है, इसका हिसाब आप लगाईये ।

वैसे हाईस्‍कूल इण्‍टर के बच्‍चों के लिये गणित के पाठयक्रम में यह मजेदार सवाल रखा जायेगा तो वाकई उनका गणित बहुत तेज हो जायेगा ।

हिसाब आप लगाईये यानि सवाल आप हल करिये आंकड़े हम देते हैं हमने वक्‍तवार रिकार्डिंग की है । और मुरैना शहर में की जा रही बिजली कटौती के नये व अजीबो गरीब अंदाज से आपको वाकिफ करा रहे हैं । जिसे आप नानस्‍टाप भी नहीं कह सकते और फुल स्‍टाप भी नहीं । आप इसे कामर्शियल ब्रेक जरूर दूरदर्शन वालों की शैली में कह सकते हैं । इसमें रात और दिन दोनों वक्‍त चल रही बिजली कटौती शामिल है ।

शुक्रवार 30 मई 2008 को सुबह 7 बजे से यह नयी शैली लागू होकर शनिवार 31 मई 2008 को शाम 6 बजे तक यह बिजली कटौती रिकार्डिंग की गयी यानि 35 घण्‍टे के दरम्‍यां 73 दफा बिजली कटी, और हर बार केवल 10 मिनिट के लिये बिजली गयी ।

बिजली कटौती जारी है, हमारी रिकार्डिंग भी जारी है ।  

 

मुरैना में बिजली कटौती के चलते शराबीयों ने सब्‍जी मण्‍डी फूंकी

मुरैना 27 मई 2008, आज मंगलवार को बिजली कटौती के चलते अज्ञात कारणों से कुछ उपद्रवी शराबीयों ने मुरैना की सब्‍जी मण्‍डी में आग लगा दी । इस अग्निकाण्‍ड से महज आधा घण्‍टे के अन्‍दर मुरैना की बीच शहर में स्थित सब्‍जी मण्‍डी पूरी तरह जल कर राख हो गयी ।

सूत्रों से प्राप्‍त घटना क्रम के अनुसार रात 9 बज कर बीस मिनिट पर जब शहर की बिजली कटौती के चलते गुल थी उस वक्‍त कुछ शराबीयों ने मुरैना की सब्‍जी मण्‍डी को आग के हवाले कर दिया, और महज आधा घण्‍टे में मण्‍डी जल कर राख के ढेर में तब्‍दील हो गयी । हमारे संवाददाताओं द्वारा ि‍लये गये घटनास्‍थल के चित्र व वीडियों में जहॉं सारी सब्जियां जल भुन गयीं और कोयले में तब्‍दील हो गयीं वहीं फल भी इसी प्रकार जल कर कोयला हो गये ।

चित्र व वीडियो खींचे जाने के वक्‍त तक सब्‍जी मण्‍डी में चारों ओर कोहराम मचा हुआ था और सब्‍जी विक्रेता दहाड़ें मार मार कर रो रहे थे । ग्‍वालियर टाइम्‍स के संवाददाताओं से रिरिया रिरिया कर व घिघिया धिघिया कर उनके दुख को ऊपर तक पहुँचाने के लिये मिन्‍नतें कर रहे थे । वहॉं जो भी राजनेता या पत्रकार पहुच रहा था, सब्‍जी विक्रेता उसी के सामने हाथ जोड़ कर पॉंव पकड़ कर घिघियाने लगते थे ।

उल्‍लेखनीय है कि मुरैना सब्‍जी मण्‍डी में इस अग्निकाण्‍ड से लगभग दस लाख रू की मोटी क्षति हुयी है ।

बिजली कटौती का चम्‍बल में कहर लम्‍बे समय से जारी है, जिसके चलते इन दिनों बीच शहर में 16-17 घण्‍टे की बिजली कटौती की जा रही है, रात्रि के वक्‍त की जाने वाली बिजली कटौती से अपराधी तत्‍व आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं, पिछले चन्‍द रोज के भीतर कई आपराधिक वारदातें बिजली कटौती के दरम्‍यान ही हुयीं । उसी श्रंखला में बिजली कटौती ने एक और उपलब्धि अपने खाते में जोड़ लीं ।

मुरैना शहर के बीचोंबीच स्थित सबजी मण्‍डी के चौकीदार सनी राइन निवासी डॉ. उवेश वाली गली मुरैना के अनुसार घटना रात 9 बज कर 20 मिनिट पर घटी और आधा घण्‍टे के भीतर पूरी सब्‍जी मण्‍डी जल कर स्‍वाहा हो गयी ।

घटनाकाण्‍ड के दरम्‍यान चौकीदार ने न तो पुलिस को इत्‍तला दी और न फायर ब्रिगेड को, उसके मुताबिक वह इस दरम्‍यान सब्‍जी विक्रेताओं को ही फोन लगाता रहा और तब तक मण्‍डी जल कर कोयले में बदल गयी । चोकीदार की भूमिका मामले में कुछ संदिग्‍ध नजर आ रही है ।

वहीं स्‍थानीय निवासीयों जो कि सब्‍जी मण्‍डी के आस पास के घरों में रहते हैं, उन्‍होंने स्‍थानीय राजनेता, सांसद विधायकों मंत्री पर खुला आरोप लगाया है उनके मुताबिक यह आग जानबूझ कर इन लोगों द्वारा लगवाई गयी है जिससे आने वाले चुनाव में राहत के बहाने सहानुभूति बटोरी जा सके । स्‍थानीय मंत्री रूस्‍तम सिंह से लोग अधिक खफा हैं ।

रोते कल्‍पते सब्‍जी विक्रेताओं में हमने बर्बाद हो चुके सब्‍जी विक्रेताओं राखी शिवहरे पुत्री बनवारी शिवहरे, अशोक पुत्र मूलचन्‍द, ओमप्रकाश पुत्र भरोसी लाल, सलीम पुत्र सुबराती, इस्‍माइल पुत्र इस्‍लाम, फरीद पुत्र कल्‍लू, रमजान पुत्र छोटे खॉं, हसीना पत्‍नी सुलेमान, सुशीला पत्‍नी कीरतराम से चर्चा की सबके सब बिजली कटौती औंर स्‍थानीय विधायक, सांसद और मंत्री को कोस कोस कर बद्दुआयें दे रहे थे ।         

27 mayo

युवा पंचायत जून के तीसरे सप्ताह में- मुख्‍यमंत्री

युवा पंचायत जून के तीसरे सप्ताह में- मुख्‍यमंत्री

भोपाल : 26 मई, 2008

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश में आयोजित की जा रही पंचायतों की श्रृंखला में जून माह के तृतीय सप्ताह में युवा पंचायत का आयोजन किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मंत्रालय में पंचायत के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव      श्री राकेश साहनी और संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और मुख्यमंत्री के सचिव        श्री अनुराग जैन ने भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अभी तक महिला पंचायत, किसान पंचायत, किसान महापंचायत, आदिवासी पंचायत, वन पंचायत, अनुसूचित जाति पंचायत, कोटवार पंचायत, लघु उद्यमी पंचायत, खेल पंचायत, शिल्पी एवं कारिगर पंचायत और नि:शक्तजन पंचायत आयोजित की जा चुकी हैं।

 

पिछले चार वर्षों में प्रदेश में चौतरफा विकास हुआ - जल संसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा

पिछले चार वर्षों में प्रदेश में चौतरफा विकास हुआ - जल संसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा

14 करोड़ लागत की अपर चंदिया जलाशय योजना का भूमिपूजन सम्पन्न

सागर 26 मई 08 । जल संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री अनूप मिश्रा ने कहा है कि राज्य सरकार ने प्रदेश के चौतरफा विकास के लिये बीते साढ़े चार वर्षों के दौरान हर संभव प्रयास किये हैं।

इनसे प्रदेश की नई तस्वीर बनी है। श्री मिश्रा गत दिवस सागर जिले के शाहगढ़ में अपर चंदिया जलाशय निर्माण कार्य के भूमिपूजन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस योजना के पूरा होने से शाहगढ़ विकासखण्ड की 1368 हेक्टेयर जमीन में सिंचाई हो सकेगी।

इस मौके पर जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने जब प्रदेश में सत्ता संभाली थी तब सिचांई का कुल रकबा 21 लाख हेक्टेयर था। हमने बीते साढ़े चार सालों में इस रकबे में 13 लाख हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी की है और आज प्रदेश की 34 लाख हेक्टेयर भूमि में नहरों के जरिये सिचांई की जा रही है। सत्ता संभालने के समय का विभागीय बजट 455 करोड़ रूपये था जो आज बढ़कर दो हजार 400 करोड़ रूपये तक पहुँच गया है। राज्य में 40 हजार किलोमीटर सड़कों को दुरस्त कराया गया है। उन्होंने गरीबों और कमजोर वर्गो की बेहतरी के लिये राज्य सरकार द्वारा आरम्भ की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुये कहा कि हमारी यह कोशिश रही है कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ हमें प्रदेश की बागड़ोर सौंपी थी उस विश्वास पर हम पूरी तरह खरा उतरें। बीते साढ़े चार वर्षों के दौरान सरकार द्वारा हासिल उपलब्धियाँ इस दिशा में हमारी प्रतिबध्दता का यथेष्ठ प्रमाण हैं। श्री अनूप मिश्रा ने इस अवसर पर अपर चंदिया जलाशय निर्माण की पहल के लिये क्षेत्रीय विधायक श्री हरमान सिंह राठौर के प्रयासों की सराहना की। श्री मिश्रा ने सागर क्षेत्र के सांसद श्री वीरेन्द्र कुमार और बंडा विधायक श्री हरनाम सिंह राठौर द्वारा क्षेत्र के विकास के लिये किये जा रहे भागीरथ प्रयासों का जिक्र करते हुये कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के होते कोई भी क्षेत्र कभी पिछड़ा नही रह सकता।

इसके पूर्व जल संसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा ने शाहगढ़ से 14 किलोमीटर दूर अपर चंदिया जलाशय परियोजना के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शिला पट्टिका का अनावरण किया। कुल 14 करोड़ 48 लाख रूपये की पुनरीक्षित लागत वाली इस योजना से क्षेत्र की 1368 हेक्टेयर जमीन में सिचांई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जल संसाधन मंत्री ने म.प्र. वाटर सेक्टर रिस्ट्रक्चिरिंग प्रोजेक्ट के अंतर्गत विनायका, तिगोडा, बरायठा व नारायणपुरा जलाशय योजनाओं के पुननिर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये क्षेत्रीय विधायक श्री हरनाम सिंह राठौर ने कहा कि अपर चंदिया जलाशय योजना का शिलान्यास होने से क्षेत्र की जनता की तीन दशक मांग पूरी हुई है। क्षेत्रीय सांसद श्री वीरेन्द्र कुमार ने समूचे प्रदेश में बड़े पैमाने पर सिंचाई परियोजनाये मंजूर कर प्रदेश में सिचांई सुविधाओं को अभूतपूर्व विस्तार देने के लिये जल संसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र लम्बित सिचांई परियोजनाओं की स्वीकृति शीघ्र प्रदान किये जाने की अपेक्षा भी की। उन्होंने कहा कि अपर चंदिया जलाशय योजना के शिलान्यास से क्षेत्र की जनता का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है।

इस मौके पर सागर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हरवंश सिंह राठौर, म.प्र. हथकरधा विकास निगम के अध्यक्ष श्री कपूरचन्द्र धुवारा भी उपस्थित थे।

 

24 mayo

जनप्रतिनिधियों को लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा - लोकसभा अध्यक्ष चटर्जी

जनप्रतिनिधियों को लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा - लोकसभा अध्यक्ष चटर्जी

सत्तापक्ष और विपक्ष लोकतंत्र की गाड़ी के दो पहिये : राज्यपाल डॉ. जाखड़, विधायी सदनों में बेहतर कामकाज के लिये नियामक संहिता बने : मुख्यमंत्री श्री चौहान

 

लोकसभा अध्यक्ष श्री सोमनाथ चटर्जी ने कहा है कि लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरने की बड़ी चुनौती प्रजातांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सामने है। आजादी के साठ वर्ष के बाद भी आबादी के एक बड़े हिस्से के पास विकास के लाभ नहीं पहुंच सके हैं। श्री चटर्जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि आबादी के हर हिस्से को विकास के फल प्राप्त हो। लोकसभा अध्यक्ष आज यहां मध्यप्रदेश विधानसभा के संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार-2008 के वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ ने की। विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान थे।

श्री चटर्जी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े प्रजातंत्र के रूप में प्रजातंत्र की गुणवत्ता बढ़ाकर लोगों की इस तंत्र में आस्था को जीवित रखने के प्रयास करना जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिये जो संस्थाओं खास तौर से जनप्रतिनिधियों वाली संस्थाओं में लोगों के विश्वास को कमजोर करे। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि देशवासियों और उनके प्रतिनिधियों द्वारा प्रजातांत्रिक सिध्दांतों में व्यक्त किये गये भरोसे के कारण ही हम प्रजातंत्र को टिकाऊ बना सके हैं।

श्री चटर्जी ने कहा कि प्रजातांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में अपना योगदान देने वालों का सम्मान एक सराहनीय कदम है। ऐसे लोगों का सम्मान कर हम देश में रची-बसी प्रजातांत्रिक संस्कृति का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि ये सम्मान विधायी सदनों के सदस्यों द्वारा प्रजातांत्रिक उसूलों और प्रक्रिया में व्यक्त विश्वास और विधायी सदन में उसके आचरण को मान्यता देना है। श्री चटर्जी ने मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा स्थापित संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार योजना को सराहनीय और अनुकरणीय बताया।

श्री चटर्जी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हवाले से कहा कि विधायिका के सदस्य जनता के सेवक हैं और जनता ही उनकी मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि संसदीय प्रजातंत्र में विपक्ष की उल्लेखनीय भूमिका है। उन्होंने कहा कि सजग और समर्थ विपक्ष प्रजातांत्रिक पध्दति की सफलता के लिये जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापक लोकहित के मुद्दों पर किसी भी विधायी सदन में मतैक्य होना देशहित में है।

राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सत्तापक्ष और विपक्ष लोकतंत्र की गाड़ी के दो पहिये हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को सफल बनाने के लिये दोनों को ही अपनी कार्य शैली में संयम बरतना चाहिये। डॉ. जाखड़ ने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम निरूपित करते हुए कहा कि प्रजातंत्र को बुराइयों से बचाने के लिये सबको मिलकर नैतिकता के पक्ष को मजबूत बनाना होगा। पुरस्कृत मंत्रियों, विधायकों और पत्रकारों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने सभी को अपना काम ईमानदारी से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रामधर्म ही राजधर्म है और दोनों धर्मों में प्राणियों के दुख दूर करने की कामना को लक्ष्य बनाया गया है। राज्यपाल ने सम्पूर्ण समाज के निर्माण के लिये मीडिया का सही इस्तेमाल करने की आवश्यकता भी बताई।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि पुरस्कार प्रोत्साहन भी देते हैं और प्रेरणा भी। मध्यप्रदेश विधानसभा ने देश के विधायी सदनों में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में जनप्रतिनिधि चाहे वह किसी भी पक्ष के हो, जनहितैषी चर्चाओं के जरिये विधायी सदनों को मंदिर का स्वरूप देते हैं। श्री चौहान ने कहा कि विधायी सदनों के सदस्यों को अपने आचरण के प्रति सजग रहना है, अन्यथा उनके सम्मान में कमी आयेगी। मुख्यमंत्री ने उपचुनाव, राज्य विधानसभाओं के चुनाव और लोकसभा चुनाव निरंतर होते रहने के कारण राजनैतिक वैमनस्यता बनी रहने और देशहित में आम सहमति विकसित नहीं हो पाने पर चिंता व्यक्त की। श्री चौहान ने इस मुद्दे पर राष्ट्रीय बहस की आवश्यकता जतायी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अमर्यादित आचरण से मिलने वाली सुर्खियाँ स्थायी नहीं होतीं। स्थायी होती हैं जनहितैषी चर्चाएं। उन्होंने कहा कि सदस्य स्वयं बनाये या विधायी सदन, परंतु एक नियामक संहिता हो तो इन सदनों का कामकाज और अच्छा हो सकेगा। श्री चौहान ने सभी पुरस्कृतों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए लोकसभा अध्यक्ष का प्रदेश की जनता की ओर से अभिनंदन किया।

विधानसभा अध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी ने कहा कि उत्कृष्टता का सम्मान करना हमारी संस्कृति है। मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्यों के प्रबोधन कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष श्री सोमनाथ चटर्जी पूर्व में भोपाल आये हैं। आज के संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में श्री चटर्जी का आगमन हम सभी के लिये सौभाग्य की बात है। श्री रोहाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा में सदस्यों का आचरण संयमित रहा है। जनहित के प्रति सदस्यों का चिंतित रहना जायज होता है। वैचारिक मतभेदों के बावजूद सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों के मध्य कभी भी मनभेद की स्थिति नहीं देखी गई, यह एक उपलब्धि है। श्री रोहाणी ने मीडिया के सकारात्मक रवैये की भी प्रशंसा की।

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती जमुना देवी ने कहा कि विधानसभा सदस्यों को सदैव संसदीय गरिमा के अनुरूप आचार-व्यवहार करना चाहिये। जनप्रतिनिधियों के श्रेष्ठ आचरण से आम जनता में उनका सम्मान बढ़ेगा। श्रीमती जमुना देवी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कभी-कभार ऐसे दृश्य भी उत्पन्न होते हैं जो निराशा उत्पन्न करते हैं लेकिन आम तौर पर विधानसभा सदस्यों की भूमिका संतुलित या समन्वयकारी होती है।

संसदीय कार्य मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा ने समारोह में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा में संसदीय प्रक्रियाओं के पालन का सदस्यों द्वारा पूरा ध्यान रखा जाता है। अन्य प्रांतों की तुलना में मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य अधिक सजग और जिम्मेदार भूमिका निभाते हैं। श्री मिश्रा ने विधानसभाओं में संयमित व्यवहार के लिये एक संहिता के निर्माण का सुझाव भी दिया।

विधानसभा अध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी ने इसके पूर्व अतिथियों के इस समारोह में आगमन का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के अंत में उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किये।

मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री हजारीलाल रघुवंशी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अन्य सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा एक आदर्श संस्था के रूप में जानी जाती है। पुरस्कार समारोह का संचालन विधानसभा के प्रमुख सचिव डॉ. ए.के. पयासी ने किया।

इसके पूर्व समारोह में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री सोमनाथ चटर्जी ने संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किये। इस वर्ष यह पुरस्कार प्राप्त करने वालों में उत्कृष्ट मंत्रियों में डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री अनूप मिश्रा, श्री हिम्मत कोठारी, श्री राघवजी शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व मंत्री एवं वर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी पुरस्कृत किये गये। उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिये चयनित श्री लालसिंह आर्य, श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर, श्री सत्यदेव कटारे, श्री दुर्गालाल विजय, श्रीमती सरोज बच्चन नायक ने पुरस्कार प्राप्त किये। उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग पुरस्कार से श्री अरूण पटेल, श्री मृगेन्द्र सिंह, श्री राघवेन्द्र सिंह, श्री पंकज पाठक, श्री अंजनी कुमार झा और श्री प्रकाश तिवारी पुरस्कृत किये गये। उत्कृष्ट विधानसभाकर्मी पुरस्कार - सुश्री प्रमोद रेगे, श्री खालिद मोहम्मद खान, श्री सतीश भार्गव, श्री विजय कुमार द्विवेदी और श्री जगदीश प्रसाद सोनी ने प्राप्त किया।

समारोह में राज्य मंत्रिपरिषद के अनेक सदस्य, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, समाचार माध्यमों के प्रतिनिधि और विधानसभा सचिवालय के अधिकारी#कर्मचारी उपस्थित थे।

 

वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बैठक आज

वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बैठक आज

-----------------------------

पन्ना 23 मई- वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 24 मई 2008 को प्रात: 11.30 बजे से आई0पी0डी0पी0 के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में मच्छरों के उत्पत्ति स्थलों के नियंत्रण एवं वैक्टर जनित अन्य रोगों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा सर्व संबंधितों से बैठक में नियत समय और स्थान पर उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

 

लापरवाही बरतने पर दो कर्मचारी निलंबित

लापरवाही बरतने पर दो कर्मचारी निलंबित

-------------------

पन्ना 23 मई- मतदाताओं के फोटोयुक्त परिचय पत्रों की तैयारी हेतु की जा रही फोटोग्राफी कार्य के लिए नियुक्त जनकपुर के कर्मचारी श्री रमेश शर्मा प्रधान अध्यापक एवं पंचायत सचिव श्री कुंज बिहारी तिवारी को अनुपस्थित रहने से निर्वाचन कार्य प्रभावित होने के कारण कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

मतदाताओं के फोटो पहचान पत्रों की तैयारी एवं प्रदाय करने हेतु 25 एवं 26 मई को विशेष अभियान

मतदाताओं के फोटो पहचान पत्रों की तैयारी एवं प्रदाय करने हेतु 25 एवं 26 मई को विशेष अभियान

पन्ना 23 मई- मतदाताओं के फोटो पहचान पत्रों की तैयारी एवं प्रदाय करने हेतु फोटो खींचने का कार्य जिले में संबंधित चयनित फोटोग्राफर द्वारा किया जा रहा है। फोटोग्राफी के साथ बी0एल00 एवं अन्य शासकीय कर्मचारियों द्वारा मतदाताओं से फोटोग्राफस प्राप्त करने संबंधी कार्यवाही भी समानान्तर रूप से की जा रही है। इस आशय की जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने देते हुए बताया कि 25 मई 08 के उपरांत फोटोग्राफी हेतु शेष रह गए मतदाताओं के फोटोग्राफ बी0एल00 एवं अन्य शासकीय कर्मचारियों के माध्यम से 25 एवं 26 मई 08 को विशेष अभियान के रूप में एकत्रित किए जाएंगे। उन्होंने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि जिन मतदाताओं की फोटो नामावली में नहीं है तथा उन्हें परिचय पत्र भी नहीं मिले हैं अथवा किसी कारणवश वे फोटोग्राफी भी नहीं करवा पाए हैं, ऐसे मतदाता अपनी पासपोर्ट साईज की फोटो निर्धारित तिथियों में अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास जमा करा दें, जिससे उनके परिचय पत्र तैयार कराए जा सकें।

भूतपूर्व सैनिकों को भर्ती में छूट

भूतपूर्व सैनिकों को भर्ती में छूट

--------------

 पन्ना 23 मई- जिला सैनिक कल्याण अधिकारी छतरपुर ने एक जानकारी में बताया कि पन्ना एवं छतरपुर जिले के भूतपूर्व सैनिकों की ग्रुप केन्द्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, बंगरसिया भोपाल में 10 जून 2008 को प्रात: 10 बजे से रसोइया, जलवाहक तथा सफाई कर्मचारी की भर्ती की जानी है। यह पद भूतपूर्व सैनिकों हेतु आरक्षित हैं तथा उन्हें आयु, शारीरिक मापदण्ड तथा शैक्षणिक योग्यता में पूरी छूट दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार इस भर्ती में भाग ले सकते हैं।

 

आदिम जाति कल्याण विभाग की मासिक बैठक 27 मई को

आदिम जाति कल्याण विभाग की मासिक बैठक 27 मई को

-------------------------

पन्ना 23 मई- आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की मासिक बैठक 27 मई 2008 को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में दोपहर बाद 2 बजे से आयोजित की गई है। जिला संयोजक आदिम जाति ने विभागीय अधीक्षकों एवं अधीक्षिकाओं को बैठक में निर्धारित एजेण्डा के अनुसार जानकारी सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

18 मिलीवाटरशेड के उपचार हेतु 90.80 लाख रूपये स्वीकृत

18 मिलीवाटरशेड के उपचार हेतु 90.80 लाख रूपये स्वीकृत

----------------------------

पन्ना 23 मई- राजीव गांधी वाटरशेड विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मिलीवाटरशेडों के उपचार हेतु जिले की 18 वाटरशेड कमेटियों को 90 लाख 80 हजार 100 रूपये की राशि की  स्वीकृति प्रदान की गई है।

       इनमें पन्ना विकासखण्ड की वाटरशेड कमेटी बख्तरी को 2 लाख 6 हजार 600 रूपये, बांधीकला को 4 लाख 21 हजार 900 रूपये, इटवांकला को 12 लाख 64 हजार 400 रूपये, कुलुआं को एक लाख 31 हजार 400 रूपये, अमझिरिया को 4 लाख 69 हजार 500 रूपये, घटारी को 51 हजार 300 रूपये, रनवाहा को 2 लाख 21 हजार 100 रूपये, समाना को 2 लाख 37 हजार 600 रूपये, धनगढ को एक लाख 64 हजार 100 रूपये, शाहनगर विकासखण्ड की वाटरशेड कमेटी पगरी को 8 लाख 39 हजार 400 रूपये, बीजाखेडा को 8 लाख 39 हजार 400 रूपये, विकासखण्ड गुनौर की वाटरशेड कमेटी झुमटा को 4 लाख 38 हजार 800 रूपये, छिगम्मा गुनौर को 4 लाख 38 हजार 800 रूपये, कोठी को 4 लाख 18 हजार 800 रूपये, मझगंवा पहाड को 4 लाख 18 हजार 800 रूपये, नचने को 8 लाख 39 हजार 400 रूपये, नयागांव को 8 लाख 39 हजार 400 रूपये तथा पटना तमोली को प्रदत्त 8 लाख 39 हजार 400 रूपये की राशि शामिल है।

23 mayo

तेज आंधी से पान फसल का नुकसान उठाने वालों को आर्थिक सहायता देने की मुख्यमंत्री ने की धोषणा

तेज आंधी से पान फसल का नुकसान उठाने वालों को आर्थिक सहायता देने की मुख्यमंत्री ने की धोषणा

मुख्यमंत्री द्वारा नवगठित रैपुरा तहसील का शुभारंभ और तहसील भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने दी ग्रामवासियों को कई सौगातें

पन्ना 22 मई- प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के मोहन्द्रा और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को आई तेज आंधी से पान फसल का नुकसान उठाने वाले काश्तकारों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए उन्हें स्वेच्छानुदान निधि से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह घोषणा पन्ना जिले की नवगठित तहसील रैपुरा में बुधवार को आयोजित एक समारोह में रैपुरा तहसील का विधिवत ढंग से शुभारंभ कर तहसील भवन की आधारशिला रखते हुए की। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पन्ना-दमोह सांसद श्री चन्द्रभान सिंह, खजुराहो सांसद श्री रामकृष्ण कुसमरिया, क्षेत्रीय विधायक श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं अमानगंज विधायक श्री काशी प्रसाद बागरी समेत जनप्रतिनिधिगण एवं बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

     मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों को विभिन्न सौगातें देते हुए शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय शाहनगर एवं रैपुरा का उन्नयन कर हाई स्कूल तथा बुधरोड, सारंगपुर, मुराछ एवं पुरैना के बा0मा0वि0 का उन्नयन कर हाई स्कूल किए जाने तथा सिंहारन एवं कल्दा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने हरदुआ को उप तहसील का दर्जा देने और शाहनगर एवं रैपुरा में मिनी स्टेडियम हेतु 10-10 लाख रूपये देने की घोषणा की। आपने पवई विधानसभा क्षेत्र के 54 आदिवासी बाहुल्य गांवों में विद्युतीकरण हेतु 50 लाख रूपये जल्दी और शेष राशि बाद में देने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु बरगी नहर को पतने नदी शाहपुर से जोडने का एलान किया। साथ ही श्री चौहान ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु कोहाडोल एवं भैंसाडोल सिंचाई बांध का सर्वे कराने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बघवारकलां सिंचाई तालाब, खोरा तालाब योजना, शक्तिधाट अधराड स्टापडैम कम काजवे, अमगवां घाट स्टापडैम, तुल्लाघाट स्टापडैम, चरगवां घाट (मेंहदीघाट) स्टापडैम, मुराछ स्टापडैम कम काजवे एवं बुधौड स्टापडैम कम काजवे की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने दो बालिकाओं को लाडली लक्ष्मी योजना के तहत राष्ट्रीय बचत पत्र, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना के तहत दो व्यक्तियों को राशि तथा मुख्यमंत्री आवास अपना घर योजना के तहत तीन व्यक्तियों को प्रथम किश्त की राशि के चैक समेत विभिन्न हितग्राहियों को अन्य योजनाओं के तहत प्रदत्त राशि के चैक प्रदान किए।

       मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रैपुरा तहसील के शुभारंभ अवसर पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि रैपुरा क्षेत्र को अगर और भी सुविधाओं की जरूरत पडी, तो वह सुलभ कराई जाएंगी तथा कहीं भी धन की कमी आडे नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए खेती-बाडी का काम फायदे का धंधा बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत घटाई जा सके। इसके लिए किसानों को खाद-बीज के लिए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के माध्यम से 5 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिलाया जाएगा। इसके अलावा किसानों के बिजली के बिलों पर लगे सरचार्ज को माफ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने खेतों पर टयूबबेल लगवाने वाले किसानों को लागत कर पचास प्रतिशत धन देगी।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना के तहत एक-एक मजदूर का पंजीयन कराया जाएगा और उन्हें तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शासन मजदूर के बच्चों की पढाई-लिखाई की व्यवस्था करेगी। पहली कक्षा से ही मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। मजदूर महिला को प्रसव होने पर 45 दिनों की मजदूरी का भुगतान शासन द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उसको पौष्टिक आहार के रूप में लड््डू खाने के लिए एक हजार रूपये की राशि दी जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि इलाज के अभाव में किसी गरीब को मरने नहीं दिया जाएगा। सरकार ने बीमारी की दशा में गरीबों के इलाज का पूरा इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गरीब की मृत्यु होती है, तो उसके अंतिम संस्कार के लिए दो हजार रूपये की सहायतानुदान राशि दी जाएगी।

        मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है और हर विभाग से नौकरियों के खाली पद भरने को कहा गया है। लेकिन सबको नौकरी देना भी संभव नहीं हो सकेगा, इसलिए बेरोजगारों को रोजगार में स्थापित करने के लिए उद्योग धंधों को विकसित किए जाने की योजना बनाई गई है। इस कडी में पन्ना में उत्पन्न होने वाले हीरों को तराशने का काम पन्ना में उद्योग लगाकर किया जाएगा, जिससे बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।

 

मध्यप्रदेश देश का नम्बर वन राज्य बनेगा - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश देश का नम्बर वन राज्य बनेगा - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

उमरिया में लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीते साढ़े चार सालों में प्रगति और विकास के नए आयाम तय किये हैं। इसके साथ ही पिछड़े तथा कमजोर वर्गों की भलाई के कार्यों को अमलीजामा पहनाया गया है। जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास योजनाओं की बदौलत शीघ्र ही मध्यप्रदेश देश का नम्बर वन राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज उमरिया में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने तीन करोड़ 33 लाख 33 हजार रुपये की लागत से निर्मित उमरिया हवाई पट्टी के साथ ही करोड़ों रुपये के अनेक भवनों, रपटा कम स्टापडैम एवं अन्य जल संरचनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। इस अवसर पर आपने लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को चैक वितरित किये और तीन मृतक मजदूरों के परिजनों को 22-22 हजार रुपये की सहायता राशि का वितरण किया। आपने आम जनता और महिलाओं के बीच जाकर उनकी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन भी लिये। इस दौरान महिला बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, जिला प्रभारी मंत्री एवं पशुपालन मंत्री श्री रमाकांत तिवारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास व नर्मदाघाटी विकास राज्यमंत्री सुश्री मीना सिंह भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उमरिया के स्टेडियम में पहली बार लगभग 20 हजार महिलाओं की विशाल उपस्थिति एक अभूतपूर्व घटना है जो इस बात का सबूत है कि राज्य सरकार महिलाओं के हित में संकल्पित प्रयास कर रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिलाओं को संकल्प दिलाया कि वे प्रदेश की जनता की समस्याओं के निदान के लिये आगे भी मजबूती से समर्थन और सहयोग करती रहेगी। आपने उमरिया में डी.जे. कोर्ट की स्थापना किये जाने की घोषणा की। उमरिया में तीन करोड़ रुपये की लागत से न्यायालय के नये भवन का निर्माण, माली गांव में 39 लाख रुपये की लागत से रपटा निर्माण, उमरिया तथा मानपुर में 50-50 शीटर कन्या आश्रम की स्थापना शीघ्र कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विरसिंहपुर पाली में 50 मेगावाट की यूनिट का सर्वे कार्य जारी है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों की मांग पर आपने शासकीय जिला चिकित्सालय का नाम पंडित दीनदयाल के नाम पर करने, धंधरी चौराहे का नाम महाराज अग्रसेन पर करने, स्टेशन चौराहे का नामकरण रानी दुर्गावती के नाम से करने, खलेसर चौराहे का नाम महाराणा प्रताप चौराहा करने तथा सगरा मंदिर चौराहे का नाम हेमू कालानी के नाम पर करने की घोषणा की।

विशाल महिला सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना को अभिनव योजना बताते हुए आगे कहा कि माताएं बिटिया को अब बोझ नहीं मानें, क्योंकि बेटी अब वरदान बन गई है। आपने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटों और बेटियों के बीच भेदभाव को खत्म करने की योजना है। हमारी सरकार बेटियों की पढ़ाई के लिये नि:शुल्क पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, गणवेश, सायकिल तथा गांव की बेटी योजना में 11वीं पास होने पर तीन हजार और 12वीं प्रथम श्रेणी में पास होकर कालेज पढ़ने पर सालाना पांच हजार रुपये देती है। बेटियों की पढ़ाई के बाद माता-पिता को उनकी शादी की चिन्ता नहीं करना है, यह चिन्ता म.प्र. सरकार ने अपने ऊपर ले ली है। बेटी जब ससुराल जायेगी वह अपने साथ एक लाख 18 हजार रुपये लेकर जायेगी तो उसका ससुराल में भी सम्मान होगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में हमने महिलाओं की निर्वाचन में भागीदारी बढ़ाने के लिये 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है ताकि वे अच्छे पदों पर पहुंचकर लोगों की सेवा कर सकें। आपने कहा कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में संवेदना, ममता और जनहित की चिन्ता अधिक रहती है। अत: वे ज्यादा सफल हो सकती हैं। आपने कहा कि पुलिस की भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देकर रानी दुर्गावती महिला बटालियन बनाई जा रही है। अब महिलाओं को महिला थाने में जाकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने में ज्यादा आसानी होगी। अब वे अपने मन की बातें महिला पुलिस से बता सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक मैं म.प्र. को समृध्द और विकसित राज्य नहीं बना देता तब तक चैन से नहीं बैठूंगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री मीना सिंह ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को स्मृतिचिन्ह भी भेंट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत की जन-शिकायतें सुनने संबंधी तत्काल हेल्प लाइन नामक फोल्डर का विमोचन भी किया। जिसका टोल फ्री नम्बर 222109 है जो सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा।

 

म.प्र. के निजी संस्‍थानों में न्‍यूनतम वेतन अधिनियम लागू, 3000 रू से अधिक वेतन देना जरूरी

म.प्र. के निजी संस्‍थानों में न्‍यूनतम वेतन अधिनियम लागू, 3000 रू से अधिक वेतन देना जरूरी 

·         प्रायवेट अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान तथा कोचिंग केन्द्रों के कर्मचारी पहली बार न्यूनतम वेतन अधिनियम के दायरे में

·         प्रायवेट स्‍कूलों, कोचिंगों में कर्मचारीयों के शोषण पर कसी लगाम

कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का लाभ दिलाने के निर्देश

राज्य शासन ने प्रायवेट अस्पताल, पेथालॉजीकल लेब, शैक्षणिक संस्थानों एवं कोचिंग क्लासेस में कार्यरत कर्मचारियों को पहली बार न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के अंतर्गत शामिल किया है। साथ ही इन संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिये न्यूनतम वेतन दरों का निर्धारण भी कर दिया गया है।

इंदौर में उप श्रमायुक्त श्री एल.पी. पाठक ने बताया कि राज्य शासन द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गयी है। इसके अनुसार प्रायवेट अस्पताल, पेथालॉजी लेब, परामर्श केन्द्र तथा परीक्षण केन्द्र, प्रायवेट शैक्षणिक संस्थान एवं कोचिंग केन्द्रों में कार्यरत कुशल, अर्ध्द कुशल एवं अकुशल कर्मचारियों का श्रेणीवार वर्गीकरण कर उनकी न्यूनतम वेतन की दरें तय की गयी हैं। निर्धारित दरों के अनुसार अब कुशल कर्मचारियों को 3 हजार 350, अर्ध्द कुशल कर्मचारियों को तीन हजार 200 एवं अकुशल कर्मचारियों को 3 हजार 70 रुपये प्रतिमाह मूल वेतन मिलेगा। साथ ही इस वेतन पर भत्ता अलग से देय रहेगा। उप श्रमायुक्त ने सभी श्रम निरीक्षकों को निर्देश दिये हैं कि वे ऐसी संस्थानों का निरीक्षण करें तथा वहाँ कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का लाभ दिलवायें।

 

22 mayo

पन्‍ना कलेक्‍टर बदले, एम.सेलवेन्‍द्रन नये कलेक्‍टर होंगे

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापनाएं

पन्‍ना कलेक्‍टर बदले, एम.सेलवेन्‍द्रन नये कलेक्‍टर होंगे

भोपाल : 21 मई  2008

 

राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के आठ अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापना संबंधी आदेश जारी किए हैं। तीन अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल भी किया गया है।

आज जारी किए गए आदेश में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा तथा तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव को राहत आयुक्त एवं पदेन प्रमुख सचिव राजस्व तथा पुनर्वास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें पुनर्वास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

श्री सेवाराम के पदस्थापना संबंधी पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए उन्हें सचिव उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।

सचिव पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक कल्याण श्री सुदेश कुमार को सचिव सामान्य प्रशासन एवं जन शिकायत निवारण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। नियंत्रक लेखन तथा मुद्रण सामग्री एवं पदेन सचिव राजस्व विभाग श्री के.सी. गुप्ता को प्रबंध संचालक लघु उद्योग निगम के पद पर पदस्थ किया गया है।

सचिव मुख्य सचिव कार्यालय श्रीमती सीमा शर्मा की पूर्व में की गई पदस्थापना को निरस्त करते हुए उन्हें नियंत्रक लेखन तथा मुद्रण सामग्री एवं पदेन सचिव राजस्व विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।

कलेक्टर पन्ना श्रीमती दीपाली रस्तोगी को संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, उप सचिव वन तथा खेल एवं युवा कल्याण श्री सुखबीर सिंह को आयुक्त नगर पालिक निगम जबलपुर और आयुक्त नगर पालिक निगम जबलपुर श्री एम. सेलवेन्द्रन को कलेक्टर पन्ना के पद पर पदस्थ किया गया है।

प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्री एम.एम. उपाध्याय को अपने वर्तमानर् कत्तव्यों के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रभार भी अतिरिक्त रुप से सौंपा गया है और सचिव वित्त श्री ए.पी. श्रीवास्तव की पूर्व में की गई पदस्थापना को निरस्त किया गया है। वे सचिव वित्त के पद पर यथावत बने रहेंग्

सचिव उच्च शिक्षा तथा आयुक्त उच्च शिक्षा श्री आशीष उपाध्याय को केवल सचिव उच्च शिक्षा विभाग के प्रभार से मुक्त किया गया हैं। 

 

 

पांच दिवसीय कृषि मेला 26 मई से लक्ष्मीपुर में

पांच दिवसीय कृषि मेला 26 मई से लक्ष्मीपुर में

--------------------------

पन्ना 21 मई- खरीफ वर्ष 2008 के पूर्व जिले में पांच दिवसीय कृषि मेले का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र लक्ष्मीपुर (पन्ना) में 26 से 30 मई 2008 तक प्रात: 11 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कृषि मेला आयोजन की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी करेंगी। इस कृषि मेला में प्रदर्शनी का आयोजन तथा कृषकों को कृषि संबंधी नवीन तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी।

 

पंचायत उपनिर्वाचन हेतु मतदान केन्द्रों की सूची जारी

पंचायत उपनिर्वाचन हेतु मतदान केन्द्रों की सूची जारी

पन्ना 21 मई- पंचायतों के उपनिर्वाचन 2008 के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने जनपद पंचायतवार मतदान केन्द्रों की सूची जारी कर दी है। इनमें जनपद पंचायत पन्ना की ग्राम पंचायत जरधोवा हेतु प्राथमिक शाला भवन अतिरिक्त कमरा जरधोवा, बांधीकला हेतु पंचायत भवन बांधीकला, गजना हेतु जंगल चौकी गजना तथा ग्राम पंचायत दिया के मतदान हेतु प्राथमिक शाला भवन दिया को मतदान केन्द्र बनाया गया है।

    इसी प्रकार से जनपद पंचायत अजयगढ की ग्राम पंचायत बीरा के मतदान हेतु प्राथ0शाला भवन बालक बीरा, नंदनपुर हेतु प्रा0शाला भवन नंदनपुर, नंदनपुर (इमलहट) हेतु प्रा0शा0 भवन इमलहट, खोरा हेतु उ0मा0वि0 खोरा कमरा नं01, कमरा नं0 2, कमरा नं0 3, प्रा0 कन्या शाला, प्रा0 शा0भवन खोरा, अमरछी हेतु मा0शा0 भवन अमरछी नवीन एवं पुराना, अमरछी (तुलापुर) हेतु प्रा0शा0 भवन तुलापुर, नरदहा हेतु हाई स्कूल कमरा नं0 2 नरदहा, छतैनी हेतु प्रा0शा0 भवन पूर्व छतैनी, जनपद पंचायत गुनौर की ग्राम पंचायत पिपरवाह हेतु सांस्कृतिक भवन पिपरवाह, डोभा (पगरा) हेतु नवीन प्रा0शा0भवन पगरा, गुनौर हेतु मा0 कन्या शाला गुनौर तथा मा0 शाला टौरियापुर, गंज (जमरांय) हेतु मा0शा0 भवन जमरांय, जनपद पंचायत पवई की ग्राम पंचायत दनवारा हेतु प्रा0 शा0 दनबारा, हडा (जुही) हेतु प्रा0शा0 जुही, मुडवारी हेतु मा0शा0 कक्ष क्र0 3 मुडवारी तथा जनपद पंचायत शाहनगर की ग्राम पंचायत हरदुआ पटेल हेतु प्रा0शा0 भवन पूर्वी भाग हरदुआ पटेल, बघवारकला हेतु हाई स्कूल भवन पूर्वी भाग बघवारकला, मलघन हेतु मा0शा0 भवन मलघन, गजन्दा हेतु मा0शा0 भवन गजन्दा, परासी हेतु मा0शा0 भवन परासी तथा ग्राम पंचायत रगोली के मतदान हेतु मा0शा0 भवन रंगोली को मतदान केन्द्र बनाया गया है।

 

पंचायत उपनिर्वाचन हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त

पंचायत उपनिर्वाचन हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त

पन्ना 21 मई- पंचायतों के उपनिर्वाचन 2008 के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने जनपद पंचायतवार रिटर्निग एवं सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त किए है। इनमें जनपद पंचायत पन्ना के निर्वाचन क्षेत्र जरधोवा वार्ड क्र0 6 एवं 7, बांधीकला 11, गजना 11 एवं दिया 02 में पंच पद के निर्वाचन हेतु श्री के00 खान तहसीलदार को रिटर्निंग आफीसर एवं श्री एस0के0 तोमर प्रभारी नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त किया है।

       इसी प्रकार से जनपद पंचायत पवई के निर्वाचन क्षेत्र दरवारा 8, हडा 15 एवं 20 तथा मुडवारी 7 में पंच पद के निर्वाचन हेतु श्री एल0डी0मंडल को रिटर्निंग एवं श्री शिवदयाल प्रजापति नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग आफीसर, जनपद पंचायत अजयगढ की ग्राम पंचायत खोरा एवं अमरछी में जनपद सदस्य तथा  बीरा वार्ड 9, नन्दनपुर 2 एवं 11, नरदहा 14, छतैनी 3 में पंच पद के निर्वाचन हेतु नीरज खरे तहसीलदार को रिटर्निंग तथा श्री निकेत चौरसिया नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग आफीसर, जनपद पंचायत शाहनगर में हरहुआ पटैल 5, बधरवारकला 6, मलघन 14, गजन्दा 2, परासी 1, रगोली 4 में पंच पद के निर्वाचन हेतु श्री फैज अहमद अंसारी को रिटर्निग तथा श्री कामता प्रसाद पाण्डेय प्रभारी नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग आफीसर, जनपद पंचायत गुनौर में पिपरवाह 9, डोभा 10, गुनौर 1 एवं 11, गंज 20 में पंच पद के निर्वाचन हेतु श्री डी0के0 जौहरी तहसीलदार को रिटर्निंग तथा श्री प्रदीप मिश्रा नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा श्री प्रकाश चनपुरिया प्रभारी पंचायत एवं समाज शिक्षा संगठक, श्री एम0जी0 विश्वकर्मा, श्री आर0पी0 निगम, श्री सुरेश कुमार खरे, श्री वीरेन्द्र सिंह पंचायत एवं समाज शिक्षा संगठक को रिजर्व सहायक रिटर्निंग आफीसर नियुक्त किया गया है।

खाद्य मंत्री आज पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक लेंगे

खाद्य मंत्री आज पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक लेंगे

पन्ना 21 मई- प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा पिछडा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री अखण्ड प्रताप सिंह 22 मई 2008 को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक स्थानीय स्वामी नारायण भवन (टाउन हाल) पन्ना में जिले के समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों, जनपद पंचायत के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के सदस्यों के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संबंध में बैठक लेंगे।  कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने निर्धारित दिनांक एवं समय पर समस्त  जनपद पंचायतों के सरपंचों, सचिवों, अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सदस्यों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पन्ना, पवई, अजयगढ, गुनौर और शाहनगर को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। 

21 mayo

पन्ना जिले में नयी तहसील आज से तहसील मुख्यालय रैपुरा होगा

पन्ना जिले में नयी तहसील आज से तहसील मुख्यालय रैपुरा होगा

राज्य शासन ने पन्ना जिले में एक नयी तहसील गठित की है। यह नयी तहसील बुधवार 21 मई से अस्तित्व में आयेगी। इस तहसील का मुख्यालय रैपुरा में होगा।

मध्यप्रदेश राजपत्र में पन्ना जिले में नयी रैपुरा तहसील के गठन की अंतिम अधिसूचना का प्रकाशन किया गया है।

राज्य शासन द्वारा जिले की तहसील शाहनगर के राजस्व वृत्त हरदुआ पटेल के पटवारी हल्का नम्बर एक से 18 तथा इसी तहसील के रैपुरा से पटवारी हल्का नम्बर 19 से 37 तथा 41 को मिलाकर नयी रैपुरा तहसील गठित की गयी है। नवगठित रैपुरा तहसील में कुल 109 ग्राम होंगे।

 

51 बीमा संग्राहकों को 1.72 लाख रूपये की बीमा राशि का भुगतान

51 बीमा संग्राहकों को 1.72 लाख रूपये की बीमा राशि का भुगतान

-------------------------------------

पन्ना 20 मई- जिला यूनियन दक्षिण वनमंडल पन्ना के अंतर्गत वर्ष 2007 एवं 2008 में 51 तेन्दूपत्ता संग्राहकों के मृत्यु दावा बीमा राशि एक लाख 71 हजार 500 रूपये का भुगतान भारतीय जीवन बीमा निगम जबलपुर से प्राप्त दावा राशि के अनुसार किया गया।

    वनमंडलाधिकारी दक्षिण वनमंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इनमें वनपरिक्षेत्र रैपुरा समिति एक एवं दो के 10 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 35 हजार रूपये, शाहनगर की समिति विसानी के 5 संग्राहकों को 17 हजार 500 रूपये, सलेहा की समिति सलेहा एवं बौलिया के एक-एक संग्राहकों को 35-35 सौ रूपये, परिक्षेत्र मोहन्द्रा की हरदुआ खम्हरिया के 3 संग्राहकों को 10 हजार 500 रूपये, पवई की समिति पवई-1 के एक संग्राहक को 3500 रूपये, हडा के 17 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 52 हजार 500 रूपये तथा वनपरिक्षेत्र अमानगंज की समिति अमानगंज के 13 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 45 हजार 500 रूपये बीमा राशि का भुगतान किया गया। प्रत्येक दावेदार की सामान्य मृत्यु होने पर 3500 रूपये की राशि का भुगतान चैक द्वारा किया गया।