Perfil de PROMADHYAPRADESH KI AWAZ म...FotosBlogListasMás Herramientas Ayuda

Blog


31 enero

रोगायो में पंचायतों को एक करोड से अधिक राशि जारी

रोगायो में पंचायतों को एक करोड से अधिक राशि जारी

पन्ना 30 जनवरी- कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने पन्ना, अजयगढ, गुनौर और पवई जनपद पंचायतों को उनकी ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्य कराए जाने हेतु एक करोड 19 लाख रूपये की राशि इन ग्राम पंचायतों को जारी की है।

इनमे से पन्ना जनपद की अनुशंसा पर ग्राम पंचायत बरहे मुदकपुर को 2 लाख, बिलखुरा को 4 लाख रूपये तथा इटवाकला, कृष्ण कल्याणपुर, सुनहरा और जिगदहा ग्राम पंचायत को 3 लाख रूपये की राशि जारी की गई है। पवई जनपद की ग्राम पंचायत हीरापुर, कुन्दपुर, बडखेराकला, बुधेंडा, मुराछ, शिकारपुरा, जगदीशपुरा, छिर्रहा, कल्दा, पुरैना, कढना, हडा, कृष्णगढ, चिखला, विरासन, बछौन और मोहली धरमपुर को 4-4 लाख रूपये की राशि, अजयगढ जनपद की प्रतापपुर, नन्दनपुर, हनुमतपुर, सिन्हाई, बहादुरगंज, सानगुरैया और नबस्ता को 3-3 लाख रूपये की राशि तथा गुनौर जनपद की ग्राम पंचायत कमताना, घटारी, जिजगंवा और भटिया में योजनान्तर्गत कार्य कराए जाने हेतु 3-3 लाख रूपये की राशि जारी की गई है। श्रीमती रस्तोगी ने संबंधित जनपदों की ग्राम पंचायतों के सरपंचों से राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत श्रमिकों की मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

मुख्यमंत्री ने उपचार हेतु दी 15 हजार रूपये की स्वैच्छानुदान राशि

मुख्यमंत्री ने उपचार हेतु दी 15 हजार रूपये की स्वैच्छानुदान राशि

------------------------------

पन्ना 30 जनवरी- प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अजयगढ एवं पन्ना जनपद के दो व्यक्तियों को उपचार के लिए 15 हजार रूपये की स्वैच्छानुदान राशि स्वीकृत की है। स्वीकृत राशि में अजयगढ जनपद के ग्राम मझगांय निवासी श्री देवीदयाल सिंह को कैंसर रोग उपचार के लिए 10 हजार रूपये एवं पन्ना जनपद के रानीगंज पन्ना के श्री भरत मिश्रा को उनकी पुत्री के चर्मरोग के इलाज हेतु 5 हजार रूपये शामिल हैं। कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने संबंधित तहसीलदार को शीघ्र यह राशि आहरित कर संबंधित को वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय संकट स्थिति समूह की बैठक 6 फरवरी को

स्थानीय संकट स्थिति समूह की बैठक 6 फरवरी को

-----------------------

पन्ना 30 जनवरी- औद्योगिक क्षेत्र पुरैना में रासायनिक दुर्घटनाओं के प्रबंधन हेतु स्थानीय संकट स्थिति समूह की बैठक 6 फरवरी 2008 को प्रात: 11 बजे कटनी मिनरल्स प्रा0लि0 पुरैना में आयोजित की जाएगी। बैठक के पश्चात कारखाना शिवटेक इण्डस्ट्रीज पुरैना में आफ साइट इमरजेंसी प्लान की माक ड्रिल भी आयोजित की गई है।                       

30 enero

उमा भारती चम्‍बल के दौरे पर, आज भिण्‍ड में तो कल मुरैना में आमसभा

उमा भारती चम्‍बल के दौरे पर, आज भिण्‍ड में तो कल मुरैना में आमसभा

शिवराज मुख्‍यमंत्री नहीं केवल इंचार्ज हैं

भिण्‍ड/मुरैना 30 जनवरी । भारतीय जनशक्ति पार्टी की नेता सुश्री उमा भारती आते चुनावों की आहट के चलते मध्‍यप्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं । इस दौरे के चलते वे आज भिण्‍ड में शास. उत्‍कृष्‍ट उ.मा.वि. के प्रांगण में एक जनसभा को संबोधित करेंगीं, वहीं कल 31 जनवरी को मुरैना में अम्‍बाह पोरसा मार्ग से होते हुये भिण्‍ड से प्रवेश करेंगीं और बसैया क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगीं ।

शिवराज इंचार्ज मुख्‍यमंत्री

शिवपुरी में कल आयोजित एक सभा में प्रदेश की पूर्व मुख्‍यमंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि शिवराज सिंह केवल इंचार्ज मुख्‍यमंत्री हैं, असल नहीं । सी.एम. की कुर्सी तो अभी खाली है ।  

 

पानी रे पानी तेरा रंग कैसा .....ग्‍वालियर तरसा दो बूंद जिन्‍दगी की के लिये

कड़ाके की सर्दी में पूरे पूरे दिन बिजली गायब

पानी रे पानी तेरा रंग कैसा .....ग्‍वालियर तरसा दो बूंद जिन्‍दगी की के लिये  

मुरैना /भिण्‍ड/ श्‍योपुर । 30 जनवरी । अंचल में पिछले कई दिनों से जहॉं भारी शीत लहर और सर्दी के चलते पारा गिरकर जहॉं शून्‍य से पीछे खिसक कर चल रहा है । वहीं दिन दिन भर बिजली गुल रहने से आम जन जीवन काफी संकटमय व कष्‍टमय हो गया है । स्थिति इतनी बदतर हो गयी है कि सुबह कटौती वाली बिजली जाने के बाद फिर एक मुश्‍त या यू कहिये कि थोकबन्‍द बिजली कटौती शाम चार पॉंच बजे तक रहती है ।

नजदीकी ग्‍वालियर शहर पर तो इन दिनों एक और विकट संकट टूट पड़ा है, जहॉं बिजली कटौती से ग्‍वालियर वासी पहले से तंग व त्रस्‍त हैं वहीं अब वहॉं कई कालोनी मोहल्‍लों में पीने का पानी आना बन्‍द हो गया है । लोग जहॉं कई किलोमीटर दूर से या अपने मित्रों रिश्‍तेदारों के यहॉं से पानी ढो ढो कर ला रहे हैं वही इन दिनों ग्‍वालियर ग्‍वालियर नहीं बल्कि अठारहवीं सदी के किसी छोटे से कस्‍बे में तब्‍दील हो जाता है । आप वहॉं जाकर ग्‍वायिर वालों को इस समय अंधेरे और पानी के बीच संघर्ष में झूलते देख सकते हैं । बिना टिकिट का यह मजेदार दृश्‍य इन दिनों ग्‍वालियर में आम है । शायद पर्यटन विकास के लिये ग्रामीण भारत की झलकीयां दिखाने के लिये कुछेक मोहल्‍लों को इस परिवेश में तब्‍दील किया गया है ।

ग्‍वालियर टाइम्‍स से ग्‍वालियर वासीयों ने चर्चा करते हुये कहा कि, लगता है हम आदमयुग में आ पहुँचे है और हमें लगता ही नहीं कि हम 21वीं सदी के सायबर युग में है, न तो नगर निगम में हमारी सुनवायी है न प्रशासन में । हम बकाया शहर के लिये प्रदर्शनी जैसी बन गये हैं , हमें बोतलों, पाउचों और डिब्‍बों में पानी भर कर और ढो कर लाना पड़ रहा है, मित्रों और रिश्‍तेदारों से भी कब तक मांगेगे । अनुपम नगर (सिटी सेण्‍टर की एक कालोनी) निवासी एक और नागरिक ने बताया कि वह या तो कालोनी बदल लेगा या ग्‍वालियर से अपना तबादला कहीं और करवा लेगा । उसने कहा कि वह एक याचिका उच्‍च न्‍यायालय में लगेगा कि या पानी बिजली दो वरना तबादला करो । वह कहता है कि बिजली पानी के बगैर जहॉं वह पिडले तीन महीने से नहाया नहीं है वहीं उसके बच्‍चे भी पढ़ लिख नहीं पा रहे हैं, सो उनकी भी जिन्‍दगी बर्बाद हो रही है । केन्‍द्र सरकार के इस कर्मचारी ने एक मार्मिक पत्र एक केन्‍द्रीय मंत्री को अपनी दुखद व्‍यथा वर्णन करते हुये भेजा है ।

मध्‍यप्रदेश कांग्रेस में भारी फेरबदल के आसार, चुनावी तैयारीयों का आगाज़

मध्‍यप्रदेश कांग्रेस में भारी फेरबदल के आसार, चुनावी तैयारीयों का आगाज़

ग्‍वालियर/मुरैना 30 जनवरी । मध्‍यप्रदेश कांग्रेस संगठन में भारी फेरबदल के आसार ही नहीं बल्कि अब यह लगभग तय है । सूत्रों से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक प्रदेश अध्‍यक्ष बदले जाने से लेकर कई पदाधिकारी भी बदले जाने संभव हैं ।

प्रदेश अध्‍यक्ष की बागडोर के लिये जिन लोगों के नामों की सुगबुगाहट है उनमें पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया, और कमलनाथ के नामों की चर्चा है ।

उल्‍लेखनीय है कि म.प्र. में इस साल नवम्‍बर में विधानसभा के चुनाव तथा अगले साल लोकसभा के चुनाव होने हैं । और कांग्रेस को मध्‍यप्रदेश में पुन: सत्‍ता वापसी न केवल अपरिहार्य है बल्कि आगामी केन्‍द्र सरकार के गठन में भी अबकी बार मध्‍यप्रदेश की प्रमुख भूमिका रहने के आसारों के चलते, संभवत: मध्‍यप्रदेश कांग्रेस संगठन के मरम्‍मत की कवायद प्रारंभ हो गयी है ।

उधर प्रमुख द्वितीय शक्तिशाली राजनीतिक संगठन भाजपा द्वारा अपने प्रधानमंत्री और मुख्‍यमंत्री घोषित व प्रोजेक्‍शनल लांचिंग के चलते कोग्रेस को भी अपनी रणनीति परिवर्तन व प्रोजेक्‍शनल लांचिंग अनिवार्य हो गयी थी । संभवत: पार्टी के इसी नजरिये के तहत जल्‍द ही प्रदेश कांग्रेस में जहॉं भारी फेरबदल होगा वहीं पुराने लोगों के साथ युवा और नये चेहरों को खास तव्‍वजो मिलने की भी उम्‍मीद की जा रही है । संगठन में फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में शायद कांग्रेस अपने भावी मुख्‍यमंत्री का नाम भी लांच कर देगी ।

 

धरमसागर में ताजिया विसर्जन की शहर कमेटी ने की निन्दा

धरमसागर में ताजिया विसर्जन की शहर कमेटी ने की निन्दा

------------------------------

पन्ना 28 जनवरी- मोहर्रम के अवसर पर ताजिए विसर्जन के संबंध में शांति समिति के निर्णय के विपरीत जाकर धरम सागर तालाब में कतिपय ताजियादारों द्वारा किए गए ताजिए विसर्जन की इत्तेहाद मिल्लत अहले सुन्नत जमात (शहर कमेटी) पन्ना द्वारा निन्दा की गई है। शहर सदर श्री नईम खान एवं समस्त सदस्य गणों ने आज जिला कलेक्टर को दिए गए एक पत्र में बताया है कि समाज के कुछ लोगों द्वारा जबरदस्ती ताजिया धरमसागर तालाब में विसर्जित किए गए एवं प्रशासन के आदेश की अव्हेलना की गई। इस संबंध में शहर कमेटी ने 27 जनवरी 2008 को बैठक बुलाकर ताजियादारों को समझाईश दी एवं उक्त कृत्य की निन्दा की। कमेटी के लोगों ने प्रशासनिक आदेश के उल्लंघन पर खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में इस प्रकार के किसी भी प्रशासनिक आदेश के विरूद्व कार्य न करने का निर्णय लेते हुए प्रशासनिक आदेशों पर अमल करने की ताजियादारों को हिदायत दी है। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण में लचीला रूख अपनाने का प्रशासन से अनुरोध किया है।

 

गणतंत्र दिवस की संध्या पर ''भारत पर्व'' मनाया गया

गणतंत्र दिवस की संध्या पर  ''भारत पर्व'' मनाया गया

इनामी ठाकुर और भगोरिया लोकनृत्य के मंचन के साथ  अमर सपूतों को याद किया गया

विभिन्न कलाओं के समागम का यह पहला और कला रसिकों  को भाव-विभोर कर देने वाला दिन रहा

पन्ना 28 जनवरी- जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2008 का दिन विभिन्न कलाओं के समागम का पहला और कला-रसिकों को भाव-विभोर कर देने वाला रहा। इस दिन संध्या मुक्ति संग्राम 1857 के डेढ सौ वर्ष और स्वाधीनता की 60 वीं वर्षगांठ पर देश की आजादी के तराने गूंजे, तथा अमर वीर सपूतों की कुर्बानियों को याद किया गया। बुन्देलखण्ड वीर सपूत ''ठाकुर किशोर सिंह महदेले'' को समर्पित ''इनामी ठाकुर'' का मंचन दमोह के प्रसिद्व रंगकर्मी श्री राजीव अयाची के निर्देशन में किया गया। ठाकुर किशोर सिंह दमोह जिले के हिण्डोरिया ग्राम के क्रांतिकारी रहे हैं, जिन्हें पकडने तत्कालीन अंग्रेजी हुकुमत ने एक हजार रूपये का इनाम घोषित कर रखा था। अंग्रेजों की परेशनी का सबब बने ठाकुर को आखिरकार मौत को गले लगाना पडा। स्वाधीनता संघर्ष के स्वर्णिम प्रसंगों से यह मंचन आम आदमी का परिचय कराने के साथ-साथ यह संदेश भी दे गया कि '' देश के लिए मर मिटने वाले कभी मरते नहीं हैं''

        गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ पन्ना जिला मुख्यालय में पहली बार मनाए जाने वाले ''भारत पर्व'' में भगोरिया नृत्य का भी आयोजन किया गया। झाबुआ के भीलों का महापर्व भगोरिया अब अनचिन्हा नहीं रहा। होली के अवसर पर रंग भींगने और भिंगाने वाला भगोरिया नृत्य प्रेम और मादकता की मिठास लिए हुए होता है। भगोरिया लोक नृत्य की प्रस्तुति में सागर के श्री मंगल यादव के निर्देशन में कलाकारों ने थिरकते हुए कला रसिकों को भाव-विभोर कर दिया।

           इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले ने कहा कि मंगल पाण्डे, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, झांसी की रानी, रानी अवंती बाई और राम औतार जैसे कई ज्ञात-अज्ञात देश पर मर मिटने वाले अमर वीर सपूतों और गांघीवादी अहिंसात्मक आंदोलन के जरिए हासिल की गई आजादी के कारण ही आज हमें गणतंत्र दिवस जैसे समारोह मना रहे है। इनकी शहादत और कुर्बानी से मिली स्वाधीनता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हम जहां हैं, जैसे भी हैं अपनी ईमानदारी, कर्मठता और समर्पण की भावना से देश के लिए कार्य करना चाहिए। तब ही हम अपने देश को समृद्व और खुशहाल बना सकते है।

         स्थानीय छत्रसाल पार्क में सम्पन्न हुए ''भारत पर्व'' का आयोजन स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग भोपाल द्वारा जनसंपर्क विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम स्थल में जनसंपर्क कार्यालय पन्ना द्वारा जिले में चार वर्षो की विकास यात्रा पर केन्द्रित छायाचित्रों की विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई।  कार्यक्रम में आयोग की विधि विशेषज्ञ सुश्री सरिता देशपाण्डे, नगर पालिका अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र सिंह बुन्देला, अपर कलेक्टर श्री जे0पी0 यादव, उपसंचालक पंचायत श्री आर0के0 सोनी सहित बडीसंख्या में कलाप्रेमी मौजूद थे।

 

उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में राज्य एवं संभाग स्तरीय पुरस्कार योजना

उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में राज्य एवं संभाग स्तरीय पुरस्कार योजना

------------------------------

पन्ना 28 जनवरी- उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करने वाले स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों के लिए राज्य शासन द्वारा राज्य एवं संभाग स्तरीय पुरस्कार योजना संचालित की जा रही है। इसमें राज्य स्तर पर तीन पुरस्कार क्रमश: 15 हजार रूपये, 10 हजार रूपये एवं 5 हजार रूपये मय प्रशस्ति पत्र के तथा संभाग स्तर पर तीन पुरस्कार क्रमश: 3 हजार, 2 हजार एवं एक हजार रूपये मय प्रशस्ति पत्र के दिए जाने हैं, जिन्हें प्रतिवर्ष विश्व उपभोक्ता दिवस 15 मार्च के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

        पुरस्कार हेतु प्रदेश के ऐसे स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों एवं व्यक्तियों को चुना जाना है जो उपभोक्ताओं के हित संरक्षण के आंदोलन में सक्रिय रूप से जुडे हैं। ग्रामीण अंचलों, आदिवासियों एवं पिछडे क्षेत्र में कार्यरत संगठनों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने वाले उपभोक्ता संगठनों का समिति पंजीकरण अधिनियम 1960 या ऐसे किसी अन्य कानून के तहत पंजीकृत होना अनिवार्य है। इस हेतु ऐसे व्यक्ति या संगठन जो उपभोक्ता संरक्षण से संबंधित गतिविधियों में पिछले तीन वर्षो से सक्रिय रूप से जुडे हों, साथ ही ऐसे संगठन और राजनैतिक और गैर मालिकाना हक के प्रबंध के अंतर्गत संचालित हों वे 5 मार्च 2008 तक जिला कलेक्टर को संबोधित आवेदन पत्र जिला आपूर्ति कार्यालय कलेक्ट्रेट पन्ना में कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं।

 

वृद्वा की मृत्यु भूख से नहीं, बल्कि बीमारी से हुई थी

वृद्वा की मृत्यु भूख से नहीं, बल्कि बीमारी से हुई थी

------------------------

पन्ना 28 जनवरी- प्रशासन के प्रवक्ता ने उन खबरों का प्रतिवाद किया है, जिनमें अजयगढ तहसील के ग्राम छतैनी निवासी वृद्वा श्रीमती नन्हीं की भूख से मृत्यु होने की बात कही गई थी।

   प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि खबर सही तथ्यों पर आधारित नहीं है। कलेक्टर पन्ना द्वारा तहसीलदार अजयगढ से कराई गई जांच में पाया गया कि मृतक नन्ही बाई के तीन बालिग पुत्र हैं, जिनके पास संयुक्त रूप से लगभग दस बीघा कृषि भूमि है, जिसपर वे संयुक्त रूप से खेती कर रहे हैं। उन्हें प्रतिमाह राशन दुकान से खाद्यान्न भी प्राप्त हो रहा है। मृतका अपने पुत्रों के साथ ही रहती थी तथा उसके खानेपीने की कोई कमी नहीं थी तथा पुत्रों द्वारा उसके खाने-पीने का पूरा ध्यान रखा जाता था। मृतका की उम्र लगभग 80-82 वर्ष थी और वृद्व होने के कारण वह बीमार रहती थी। उसकी मृत्यु भूख से न होकर बीमारी के कारण हुई है। इसकी पुष्टि उसके पुत्र लाल ने भी की है।

 

जिले की विकास यात्रा का खाका खींचती प्रदर्शनी ने खूब आकर्षित किया लोगों को

जिले की विकास यात्रा का खाका खींचती प्रदर्शनी ने खूब

 आकर्षित किया लोगों को

पन्ना 28 जनवरी- गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां छत्रसाल पार्क में जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित विकास प्रदर्शनी में विकास यात्रा से जुडे अतीत के झरोखों में झांकते सजीव चित्रों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। प्रदर्शनी में तस्वीरों के माध्यम से जिला और प्रदेश के नागरिकों के जीवन में आए परिवर्तन को प्रस्तुत किया गया था।

         गणतंत्र दिवस पर पहली बार मनाए जाने वाले भारत पर्व पर प्रदर्शनी की थीम विकास यात्रा था। विभिन्न विभागों के चित्रों में इस थीम के अनुरूप विकास कार्यो को दिखाया गया था। पन्ना जिले के स्वरोजगार क्षेत्र के विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे ढांचागत सुधारों को प्रदर्शित किया गया था। प्रदर्शनी के कुछ चित्रों में ग्रामीण ढांचागत परिवेश को दिखाया गया था।

        प्रदर्शनी के विभिन्न हिस्सों में लगे चित्रों में सडक, स्कूल, शिक्षा, उर्जा, स्वास्थ्य आदि की प्रगति को दिखाया गया था। एक चित्र में बहेलिया समुदाय के बच्चों को आवासीय ब्रिजकोर्स के जरिए शिक्षा से जोडने का प्रयास दिखाया गया था। प्रदर्शनी के कई चित्र जिले में बढ रहे स्वरोजगार की संभावनाओं को जता रहे थे।

       प्रदर्शनी ने मध्यप्रदेश के चार वर्षो के विकास के विभिन्न पडावों को केन्द्रीयकृत रूप से दर्शाने का प्रयास भी किया था। प्रदेश में गांवों के विकास के लिए चल रही योजनाओं का ब्यौरा भी दर्शाया गया था। इस बार प्रदर्शनी में पन्ना जिले के मनोरम प्राकृतिक स्थलों के चित्र भी प्रदर्शित किए गए थे, जो लोगों का ध्यान पर्यटन की ओर आकर्षित कर रहे थे। इस साल प्रदर्शनी का केन्द्रीय विषय विकास यात्रा होने के नाते विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति को खासतौर से चित्रों के जरिए दर्शाया गया था, जिसमें उर्जा, सडक, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग आदि शामिल हैं। प्रदर्शनी को शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने भी बडी तादाद में आकर देखा।

 

28 enero

परिसीमन का साया और : नेता जी का ट्रेडमार्क नाम दरोगा धर दो – चाहे सौ के सत्‍तर कर दो

परिसीमन का साया और : नेता जी का ट्रेडमार्क

नाम दरोगा धर दो चाहे सौ के सत्‍तर कर दो

नरेन्‍द्र सिंह तोमर ‘’आनन्‍द’’

करवट 3 श्रंखलाबद्ध आलेख

 

पिछले अंक से जारी ...

 

अभी वैसे चुनाव में टाइम है, लेकिन राजनीतिक हवाई बमबारी तो पिछले महीने ही चालू हो चुकी है । यद्यपि राजनीतिक युद्ध के पूर्वाभ्‍यास तो चार महीने पहिले ही चालू हो गये थे । अब ये वक्‍त बतायेगा कि किसके फाइटर्स ज्‍यादा कामयाब रहेंगे ।

वैसे लोकल नेताओं को दिल्‍ली और भोपाल से कहीं ज्‍यादा टेंशन हो गया है । परिसीमन की छाया या साया जहॉं कहीं लोकल राजनीतिक दूकानें बन्‍द करा देगा वहीं नई एजेन्सीयां भी चालू करा देगा ।

गिड़गिड़ा और भिड़भिड़ा रहे हैं लोकल ठेकेदार आफ नेतागिरी

अब किसी कलेक्‍टर कमिश्‍नर या एस.पी. को ऐसे दिन देखने पड़ें कि वह रिरिया रिरिया कर घिघिया कर बाबू या थानेदार बनाने के लिये लोगों के चरण चुम्‍बन करता फिरे तो इसे आप क्‍या कहेंगे, वक्‍त की मार या मुकददर का पलटवार या फिर बुरे दिनों की दस्‍तक से घबराकर चने चबाने की जुगत ।

खैर जो भी हो ऐसा टाइम आ गया है और बड़े बड़े नेताजी की टांय टांय फिस्‍स हो रही है । बड़े नेताजी अब छोटे नेता बनने के लिये रिरियाने और गिड़गिड़ाने में लगे हैं ।

सबसे ज्‍यादा हालत खराब मुरैना सांसद अशोक अर्गल की हो रही है । वे अब अब सांसद से विधायक बनने के लिये दण्‍ड बैठक लगाते फिर रहे हैं । दरअसल युगों से चली रही आ रही मुरैना लोकसभा सीट अब आरक्षित से सामान्‍य सीट में तब्‍दील हो गयी है और मुरैना संसदीय सीट की महज अब एकमात्र विधानसभा सीट अम्‍बाह ही आरक्षित बची है । अब अर्गल भईया का अनर्गल प्रलाप कुछ इस कदर परवान चढ़ रहा है कि वे भाजपा के छोटे से छोटे और बड़े से बड़े नेताओं के आगे घिघियाते फिर रहे हैं, मजे की बात ये है कि भले ही अर्गल अपनी चमचागिरी किसी और वजह से कर रहे हों लेकिन मुरैना जिले के गली कूचों में पत्‍ते पत्‍ते पर यह दास्‍तां अब आम है । कुछ जोरदार फोटोग्राफ ऐसी विकट चमचागिरी के हमें उपलब्‍ध हुये हैं । खैर यह अर्गल के राजनीतिक और व्‍यक्तिगत अस्तित्‍व व भविष्‍य का प्रश्‍न है सो उनका चमचे आम हो जाना स्‍वाभाविक ही है । मगर इतना साफ है कि अगर अशोक अर्गल जैसा कि सुनने में आया है कि अम्‍बाह विधानसभा के अलावा भिण्‍ड संसदीय क्षेत्र से भी टिकिट पाने की जुगाड़ में लगे हैं । ज्ञातव्‍य है कि भिण्‍ड दतिया संसदीय क्षेत्र (मैं यहॉं चुनाव लड़ चुका हूँ) अब सामान्‍य से आरक्षित हो गया है, और अशोक भाई इस मौके को गंवाना नहीं चाहते । सो सेटंग भी हाई लेवल की बिठाने में लगे हैं । अब ये उनका वक्‍त और मुकददर तय करेगा कि ‘’तेरा क्‍या होगा ....’’

मगर इतना तो साफ है कि वर्षों से सत्‍ता सुख और राजनीतिक भोग विलास में आकण्‍ठ डूबे रहे अशोक अर्गल को अपनी राजनीतिक सत्‍ता का इस कदर छिनना रास नहीं आ रहा । आना भी नहीं चाहिये, आखिर तुलसी भईया उवाचे हैं कि दौलत की दो लात हैं, तुलसी निश्‍चय कीन । आवत में अन्‍धा करे, जावत करे अधीन ।। मुँह लगी मलाई अब इतनी आसानी से तो पिण्‍ड नहीं छोड़ेगी ।

पद, दौलत और प्रभाव जाते ही अच्‍छे अच्‍छे पगला जाते है, सो जाते नेताओं के घर मातम होने लगा है तो कौनसी विचित्र बात है । वेसे भी लोकतंत्र इसी का नाम है कि बेटा आज तेरा तो कल मेरा ।

जब मध्‍यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो भाजपाईयों की हर चौराहे पर ठुकाई हो जाती थी और एक अदना सा सिपाही चाहे जब डण्‍डा डालकर भीतर कर देता था । अब टाइम पल्‍टा खा गया है जो हाल तब उनके थे वो अब आजकल उनके हैं ।

खैर ये लोकतंत्र है, बदलती राजनीति है, ऐसा तो अब रिवाज ही बन गया है, आम जनता की रिपोर्ट भले ही पुलिस कभी नहीं लिखती हो या आर्थिक अपराध अन्‍वेषण ब्‍यूरो हजारों आम शिकायतों को कचरे में फेंक देता हो लेकिन हाई मैटर्स जो कवरेजेबल हों और समूचे मीडिया पर हेडलाइन बन कर छा जायें और जिनसे संसद या विधानसभायें ठप्‍प हो जायेंए उनकी कायमीयां तो चुटकी में ठोक देते हैं । चाहे राष्‍ट्रध्‍वज अपमान हो चाहे डम्‍पर हो चाहे देवास जमीन हो चाहे सहकारिता वाले मंत्री का मैटर हो चाहे सुभाष यादव या अन्‍य .... ।

भले ही मामले बाद में अर्जी फर्जी निकलें मगर चर्चा कराना, ठप्‍प कराना और आक्‍थू आक्‍थू के खेल में रैफरी के बजाये लाउडस्‍पीकरिया या एम्‍पलीफाइंग भूमिका मात्र निभा देना अब प्रशासनिक मशीनरी की डयूटी मात्र बन कर रह गयी है । कभी इसके हाथ खिलौना कभी उसके हाथ । उनके सकार में आ जाने का डर भी है तो उनकी सरकार चल रही है ये खौफ भी है । मगर प्‍यारे सच्‍ची बात ये है कि ये खेल अब लगभग बेअसर से हो गयें हैं, जनता को तो कोई मामला समझ ही नहीं आ रहा । जनता तो केवल इस कबडडी की मूक दर्शक मात्र है ।

अब ये दीगर बात है कि अम्‍बाह वाले नेताजी अर्गल को अपने एरिया में घुसने देंगें कि नहीं या भिण्‍ड में नेता लोग इम्‍पोर्टेड नेता चाहेंगे कि नहीं, मगर अशोक भाई को खुशफहमी है कि राज करना और हुकूमते चकाचौंध वे अपने ललाट में लिखा लाये हैं, उनकी कुण्‍डली के ग्रह बकाया नेताओं से ज्‍यादा बलवान बैठते हैं ।

अब बंशीलाल और मुंशीलाल क्‍या करेंगें, ये अर्गल भाई जरा सोच लीजिये । वैसे भी मुंशीलाल को पिछली विधानसभा में टिकिट नहीं मिला था, जिस पर काफी दंगा और पंगा भी हो चुका है । अगर आपको यह भ्रम है कि अम्‍बाह सीट पर भाजपा जीतती है, व्‍यकित नहीं, तो यह दूर हो जाना चाहिये । नजदीकी सीट दिमनी विधानसभा अब सामान्‍य हो जाने का असर चौतरफा होने वाला है । अम्‍बाह विधान सभा क्षेत्र आरक्षित भले ही हो, लेकिन यह रहस्‍य किसी से छिपा नहीं कि इस सीट का अम्‍बाह पोरसा क्षेत्र विशुद्ध राजपूत बाहुल्‍य है । और दिमनी विधानसभा क्षेत्र नये परिसीमन के मुतल्लिक राजपूत बाहुल्‍य है । अत: उनके समर्थन के बगैर यहॉं पार पाना असंभव नहीं तो मुश्किल ही है ।

वर्तमान विधायकों और नेताओं से जनता वैसे ही खफा चल रही है । ऐसे में जहॉं दिमनी विधानसभा में भी अब नेतागिरी की कई दूकानें बन्‍द होंगीं वहीं नये राजनीतिक गढ़ भी उभरेंगें । अभी तक यह सीट भाजपा के प्रभाव की मानी जाती रही है । वहीं निकटस्‍थ अम्‍बाह विधानसभा क्षेत्र भी दिमनी विधानसभा के समानान्‍तर में ही प्रभावित रहती है । दिमनी क्षेत्र से जहॉं मुंशीलाल, और संध्‍या राय का सत्‍ता समापन होगा वहीं । अधिक संभव है कि इस सीट पर अब समीकरण पूरी तरह नये तरीके से बनेंगें । शुरूआत में इस सीट पर भावी मुख्‍यमंत्री के नाम और यहॉं चुनाव लड़ने वाले के जातिगत व व्‍यक्तिगत प्रभाव का असर ज्‍यादा रहेगा । यहॉं वहीं राजनीतिक दल लाभ उठा सकेगा जो, सोच समझ कर प्रत्‍याशी खड़ा करेगा ।

हालांकि दिमनी विधानसभा के लिये आजकल जो खुसुर पुसुर जारी है और जो इस क्षेत्र पर नेतृत्‍व की दावेदारी ठोकने में लगे हैं, मुझे नहीं लगता कि वे इस सीट पर सीट निकाल सकेंगें ।

कहीं न कहीं नेताओं में खोट जनता देख रही है, और लोगों में एक आम आक्रोश भी है । दिमनी विधानसभा और अम्‍बाह विधानसभा क्षेत्र न केवल स्‍वयं अपने आप में महत्‍वपूर्ण हैं बल्कि समूचे संसदीय क्षेत्र की राजनीति को प्रभावित करने की ताकत रखने वाले क्षेत्र हैं । यह तोमर राजाओं के वारिसों का क्षेत्र है और यहॉं के लोगों में स्‍वाभिमान और बात पर अटल रहने की तासीर आज तक है । चालू भाषा में इसे ऐंठ में रहना कहा जाता है । या कभी कभी सनकी होना उवाचा जाता है ।

दिमनी विधानसभा सीट पर काफी लम्‍बे अर्से से आरक्षण रहने से, इस क्षेत्र की राजनीति लगभग समाप्‍त प्राय सी हो चुकी है । और इस क्षेत्र के मूल रहवासी राजनीति से बरसों दूर रहने के बाद अपना राजनीतिक अस्तित्‍व लगभग भूल कर अभी पशोपेश में ही हैं कि आखिर कौन होगा जो उनकी तकदीर बदलेगा ।

 

क्रमश: जारी अगले अंक में .........

 

26 enero

विद्युत चोरी करने पर एक वर्ष की सजा

विद्युत चोरी करने पर एक वर्ष की सजा

-----------------

पन्ना 26 जनवरी- विद्युत चोरी रोकने हेतु चलाए जा रहे आकस्मिक निरीक्षण अभियान के दौरान कनिष्ठ यंत्री अजयगढ श्री डी0के0 खरे द्वारा ग्राम चंदौरा के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान खुसाली उर्फ गुड्डा लोध निवासी चंदौरा को सीधे निम्न दाब की विद्युत लाईन से धान मशीन चलाते पाए जाने पर परिवाद पत्र तैयार कर विशेष न्यायाधीश पन्ना श्री प्रभात कुमार मिश्रा के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा उभय पक्षों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज व परिवाद में आई साक्ष्य के आधार पर खुसाली उर्फ गुड्डा लोध को एक वर्ष कारावास व अर्थदण्ड से दंडित किए जाने का आदेश पारित किया गया।

 

बैकवर्ड रीजन ग्रांट फण्ड योजनान्तर्गत 44.81 लाख रूपये स्वीकृत

बैकवर्ड रीजन ग्रांट फण्ड योजनान्तर्गत 44.81 लाख रूपये स्वीकृत

----------------------------

पन्ना 26 जनवरी- जिले की जनपद पंचायत गुनौर में बैकवर्ड रीजन ग्रांट फण्ड योजनान्तर्गत 2 निर्माण कार्यो हेतु 44 लाख 81 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पन्ना ने ग्राम पंचायत गुनौर में गुनौर से डिधौरा तक नवीन सडक निर्माण हेतु 22 लाख 15 हजार 400 रूपये तथा ग्राम पंचायत पटनाकला में सलेहा पवई रोड से पटना कला ग्राम सडक निर्माण हेतु 22 लाख 65 हजार 600 रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।

 

बी0आर0जी0एफ0 योजनान्तर्गत 14.72 लाख रूपये स्वीकृत

बी0आर0जी0एफ0 योजनान्तर्गत 14.72 लाख रूपये स्वीकृत

---------------------------

पन्ना 26 जनवरी- कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने बी0आर0जी0एफ0 योजनान्तर्गत नगर पंचायत अमानगंज के नगरीय क्षेत्र के गंदे पानी को मिढासन नदी में गिरने से रोकने हेतु नाली निर्माण कार्य हेतु 14 लाख 72 हजार रूपये की राशि की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

 

विधायक निधि से तीन लाख रूपये स्वीकृत

विधायक निधि से तीन लाख रूपये स्वीकृत

-------------------

पन्ना 26 जनवरी- जिले की विधानसभा क्षेत्र पन्ना की ग्राम पंचायत बडवारा में सी0सी0 रोड निर्माण हेतु 3 लाख रूपये की राशि विधायक निधि से स्वीकृत की गई है। यह राशि विधायक पन्ना की अनुशंसा पर कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने स्वीकृत की है।

 

पशु चिकित्सा शिविर में 96 पशुओं का उपचार

पशु चिकित्सा शिविर में 96 पशुओं का उपचार

---------------

पन्ना 26 जनवरी- जिले के देवेन्द्रनगर में लगे जिला स्तरीय पशु चिकित्सा जागरूकता शिविर में 96 पशुओं का उपचार किया गया। इनमें 49 पशुओं का उपचार किया गया और 47 पशुओं को औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

 

ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के मास्टर ट्रेनर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के मास्टर ट्रेनर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

----------------------------------

पन्ना 26 जनवरी- जिला पंचायत के सभाकक्ष में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (वी0डब्ल्यू0एस0सी0) के मास्टर प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गत दिवस परियोजना अधिकारी श्री एम0बी0 मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर ग्राम स्तर पर गठित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को क्लस्टर लेबल पर प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की पांच जनपद पंचायतों के करीब 40 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। मास्टर ट्रेनर्स जिले में गठित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को समग्र स्वच्छता अभियान एवं स्वजलधारा के बारे में समितियों के गठन, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में प्रशिक्षण देंगे।

          मास्टर प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए परियोजना अधिकारी श्री एम0बी0 मिश्रा ने समग्र स्वच्छता अभियान के कार्य में प्रगति लाने एवं समितियों को शीघ्र प्रशिक्षण दिलाए जाने की बात कही। श्री मिश्रा ने प्रशिक्षकों के सवालों का उचित निराकरण भी किया। जिला समन्वयक श्री मनेन्द्र पहारिया ने उक्त तीन दिवसीय कार्यक्रम का प्रशिक्षण प्रदान किया। जिसमें उनके साथ श्री जी0एस0 गुप्ता, श्री ए0के0 मिश्रा, श्री शाक्य एवं श्री साबित खान ने भी प्रशिक्षण में सहयोग दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एल0सी0डी0 प्रोजेक्टर एवं समग्र स्वच्छता अभियान से संबंधित फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया एवं समस्त प्रशिक्षणार्थियों को सी0डी0 भी प्रदान की गई।

         प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जनवरी को श्री धीरेन्द्र खरे ई00 रोजगार गारंटी योजना जिला पंचायत पन्ना ने किया था। जिसमें श्री प्रदीप पाठक एकाउण्ट आफीसर, श्री आर0के0 मिश्रा सहायक परियोजना अधिकारी, श्री जी0सी0 जैन सहायक परियोजना अधिकारी ने समग्र स्वच्छता अभियान में प्रगति लाने हेतु अपने-अपने विचार व्यक्त किए। प्रशिक्षण के दौरान श्री प्रदीप पाठक लेखाधिकारी ने समितियों के लेखा संधारण के बारे में सारगर्भित जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में श्री पहारिया ने समस्त मास्टर प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

 

पन्‍ना जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

पन्‍ना जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

------------------------

पन्ना 26 जनवरी- जिले भर में देश का 58 वां गणतंत्र दिवस आज परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए और नागरिकों ने इस अवसर पर जश्न मनाया। मुख्य समारोह यहां पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित किया गया। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समारोहपूर्ण परेड का निरीक्षण किया। पुलिस, नगर सेना, एन0सी0सी0 जूनियर, सीनियर विंग, रेडक्रास, स्काउटों और बहेलिया बच्चों, ने परेड में भाग लिया।

          इस मौके पर सुश्री महदेले ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह का संदेश पढते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने वायदों को पूरा करने के सतत प्रयासों के साथ विकास के कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त कर रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना, संपूर्ण ग्राम स्वरोजगार योजना, एकीकृत जल ग्रहण क्षेत्र विकास कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना तथा निजी भागीदारी से वित्तीय संसाधन जुटाने में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है।

        सडक बिजली, पानी सहित अधोसंरचना विकास के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, महिला, मजदूर एवं समाज के कमजोर वर्गो के लिए अभिनव योजनाएं लागू की गई हैं। प्रदेश की महिलाओं को सम्मान और बराबरी का हक सुनिश्चित करने के लिए उनकी शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय संस्थाओं और पंचायतों में पचास प्रतिशत, शिक्षक के चयन में पचास प्रतिशत तथा पुलिस बल में दस प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वन समितियों के अध्यक्ष के एक तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। रानी दुर्गावती महिला पुलिस बटालियन का भी गठन किया जा रहा है। विकास योजनाओं का लाभ महिलाओं को सुनिश्चित करने के लिए 13 विभागों की योजनाओं में जेण्डर बजटिंग लागू की गई है। महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा विस्तार के लिए लाडली लक्ष्मी, गांव की बेटी तथा मुख्यमंत्री कन्यादान जैसी अभिनव योजनाएं शुरू की गई हैं। शिक्षा, विशेषकर महिला शिक्षा को बढावा देने के लिए शालेय विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें, पाठय पुस्तकें, गणवेश एवं छात्रवृत्ति-शिष्यवृत्ति देने की योजनाओं का विस्तार किया गया है।

          पिछले चार वर्षो में 4117 करोड रूपये की लागत से 16300 किलोमीटर राज्य मार्ग एवं मुख्य सडकों का निर्माण और उन्नयन किया गया है। एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से 1600 करोड रूपये की लागत से 1800 किलोमीटर सडकों का निर्माण आगामी सितम्बर से शुरू हो जाएगा। इसी वर्ष 6771 किलोमीटर सडकों की मरम्मत के लिए 479 करोड रूपये की विशेष योजना मंजूर की गई है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सडक योजना के अंतर्गत राज्य में अब तक 15892 कि0मी0 लम्बाई की 3462 सडकों का निर्माण किया जा चुका है। इससे 4286 गांव सडकों से जुड चुके हैं। अब तक इस वर्ष 2060 कि0मी0 लम्बाई की 446 सडकों को पूरा कर 590 गांवों को सडकों से जोडा गया है।

       इस अवसर पर आयोजित रंगारंग समारोह में विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ये कार्यक्रम आकर्षण का केन्द्र रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उत्कृष्ट आर0पी0 0मा0 विद्यालय को प्रथम एवं मनहर महिला समिति उ0मा0वि0 को द्वितीय तथा कनिष्ठ वर्ग में म0दु0राज्य ल0वि00 को प्रथम और लिस्यु आनंद उ0मा0वि0 को द्वितीय स्थान पाने पर पुरस्कृत किया गया।

   इस मौके पर चित्ताकर्षक झांकियां निकाली गईं। मनोरम झांकियों में उनकी कलात्मक सज्जा पर पन्ना टाइगर रिजर्व को प्रथम और सर्वशिक्षा, साक्षरता एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त झांकी को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त उल्लेखनीय कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी पुरस्कृत किया गया।

   समारोह में जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अधिकारियों समेत बडी संख्या में नागरिकगण शामिल हुए। जिले में आज स्कूलों और अन्य समारोह स्थलों पर छात्र-छात्राओ ंने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरकारी और गैर सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरियां निकालीं।

 

चैकपोस्ट के सर्वेक्षण हेतु अधिकारी/कर्मचारी नियुक्त

चैकपोस्ट के सर्वेक्षण हेतु अधिकारी/कर्मचारी नियुक्त

---------------------------

पन्ना 24 जनवरी- जिले में संपूर्ण यातायात व्यवस्था रोड गुड्स ओ0डी0 सर्वेक्षण कार्य हेतु प्रशिक्षित अधिकारियों/कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी/कर्मचारी 28 से 30 जनवरी 2008 तक सर्वेक्षण कार्य करेंगें।

       कलेक्टर श्रीमती दीपाली रस्तोगी द्वारा जारी आदेश के अनुसार चैक पोस्ट छतरपुर से पन्ना नेशनल हाइवे मार्ग 76 फारेस्ट बैरियर के पास पन्ना हेतु 28 जनवरी 2008 को प्रात: 6 बजे से दोहपर 2 बजे तक श्री डी0डी0 अहिरवार सहायक सांख्यकीय अधिकारी जला चिकित्सालय, श्री पी0के0 श्रीवास्तव अनुरेखक जल संसाधन एवं श्री राम परीक्षाराम सहायक ग्रेड-2 परिवहन कार्यालय को। दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्री एम0डी0 सोलंकी उप निरीक्षक आबकारी, राम कुमार उपाध्याय सहायक ग्रेड-3 परिवहन कार्यालय, श्री भगवान दास सोनी सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिका परिषद पन्ना को तथा 28 से 29 जनवरी को रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक श्री आर0के0 सोनी उपयंत्री लोक निर्माण विभाग, राम किशोर गुप्ता सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिका परिषद पन्ना, श्री एस0के0 पाराशर सहायक ग्रेड-3 जिला उद्योग केन्द्र पन्ना को, 29 जनवरी को प्रात: 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिफट एक के अनुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारी, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक शिफट दो के अनुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारी, 29 से 30 जनवरी को रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक शिफट तीन के अनुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

       इसी प्रकार चैक पोस्ट पन्ना-अजयगढ स्टेट हाइवे मार्ग इन्द्रपुरी कालोनी के पास पन्ना हेतु    28 जनवरी को प्रात: 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्री अजय कुमार मिश्रा उपयंत्री लोक निर्माण विभाग,   श्री जयेन्द्र सिंह अनुरेखक जल संसाधन एवं श्री इन्द्र विक्रम सिंह अनुरेखक जल संसाधन को, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्री इदरीश मोहम्मद उपयंत्री लोक निर्माण विभाग, श्री राम मिलन गुप्ता सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिका परिषद पन्ना, श्री विनोद कुमार सोनी सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिका परिषद पन्ना, 28 एवं 29 जनवरी को रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक श्री बी0जी0 अग्रवाल उपयंत्री लोक निर्माण विभाग, श्री इन्द्र पाल सिंह सहायक ग्रेड-3 लोक निर्माण विभाग, श्री के0पी0 वंशकार सहायक ग्रेड-3 लोक निर्माण विभाग एवं 29 जनवरी को प्रात: 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिफट एक के अनुसार संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक शिफट दो के अनुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारी तथा 29 एवं 30 जनवरी को रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक शिफट तीन के अनुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को तैनात किया गया है।